Showing posts with label फिल्मी बातें. Show all posts
Showing posts with label फिल्मी बातें. Show all posts

Saturday, 14 April 2012

मैख़ाने में दो जासूस

1975 में आई थी ये फ़िल्म जिसमें एक्स जुबली कुमार राजेंद्र कुमार और हिन्दी सिनेमा के इटर्नल शो मैन राजकपूर स्थायी स्थूलावस्था को प्राप्त होने के बावजूद मुख्य भूमिकाओं में थे । ये वही साल था जब शोले भी रिलीज़ हुई थी । बहरहाल हसरत जयपुरी और रवीन्द्र जैन ने मिलकर जो कुछ लिखा और उसे रवीन्द्र जैन ने संगीत में बाँध कर जिस तरह पेश किया वो कुछ ऐसी जुगलबन्दी है जो आज भी पुराना पड़ने का नाम नहीं लेती । रफ़ी साहब और मुकेश साहब का गाया ये गीत बाज़ार में मिलावट की बात करता था । कौन कहता है रामगढ़ आ गया , ताँगा अभी भी रस्ते में है । ना यक़ीन हो तो सुन कर देख लें--

Monday, 12 March 2012

जुगलबन्दी राजेश जोशी(बीबीसी) और तिगमांशु धूलिया की

फ़िल्म तो जो है सो है ही । हिन्दी में इससे सशक्त कोई राजनीतिक और सामाजिक टिप्पणी पिछले 20 साल में तो कम से आई नहीं । लेकिन, जैसे फ़िल्म में एक कहानी के ज़रिए कहानी के बाहर भी सब कुछ कह दिया गया है ये इंटरव्यू भी फ़िल्मी बातचीत के ज़रिए बहुत कुछ कह जाता है - हिन्दी सिनेमा का अर्थशास्त्र, क़स्बे, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की खूबियाँ और खामियाँ, मुंबई मेन-स्ट्रीम सिनेमा की मानसिकता , खिलाड़ियों की हालत यानि कुछ नहीं छोड़ा है । तिगमांशु जैसे आदमी को ये कहते सुनना वाक़ई एक अनुभव है कि वो आज भी एक आउटसाइडर हैं । ख़ैर,बहुत कम होता है जब ऐसा ऑडियो इंटरव्यु सुनने को मिलता है । अगर पान सिंह तोमर आपने देख मारी तो इस गुफ़्तफ्तगू को क़तई मिस ना करें और नहीं देखी तब तो हरगिज़-हरगिज़ ना करें । क़सम उड़ान झल्ले की मज़ा आ जायगा बस क्लिकियावें और मौज पावें ----

Friday, 2 December 2011

मयखाने में प्यारी लैला...ओ लैला

ये उन दिनों की बात है जब हिंदी फ़िल्मों का हर विलेन और कभी-कभार बिगड़ैल हीरो भी लंदन से पढ़ कर आया करता था और ख़लील फ़ाख़्ता उड़ाया करे थे ।मुझे नहीं लगता कि दुनिया की किसी और फ़िलिम इंडस्ट्री ने इतने लंदन एजुकेटेड विलेन दिये हैं जितने बंबई ने । इन्हीं में से एक हैं प्रेम चोपड़ा जिन्होंने पर्दे पर कमीनेपन को नए सोपान दिए । बहरहाल,आज लगता है कि एक इनोसेंस थी साहब प्रेम बाबू की काइयाँपने से लबरेज़ स्टाइल में भी क्योंकि आज की दुनिया तो उनके भी बापों से भरी है ।बंबई से निकलने वाले टाइम्स ऑफ़ इंडिया के इस मुलाज़िम ने नौकरी और फ़िल्में एक अर्से तक साथ-साथ कीं और बहुत बाद में उपकार में लीड विलेन का रोल मिलने पर ही नौकरी छोड़ी । लाहौर की पैदाइश, शिमला में पले-बढ़े और पंजाब यूनिवर्सिटी में पढ़े इस कलाकार को मैख़ाने की तरफ़ से सैल्यूट । आखिरी मर्तबा फ़िल्म बंटी और बबली में एक सिक्ख ड्राइवर की प्यारी भूमिका में इन्हें देखा था ।खैर, मैं नृत्य गीतों का कोई पारखी नहीं लेकिन यहाँ तो एक अलग ही अंदाज़ है इस कलाकार का एकदम फुल टू झक्कास। फ़िल्म वचन का ये गीत वीएचएस अपलोड है सो शुरूआती प्रिंट की गड़बड़ी को कीजिए नज़रअंदाज़ । बड़ी मुश्किल से मिला है । देखिए और झूमिए इस अजब-गजब गीत पर । क्यों जी आपका क्या कैना है..