जैसा कि मैंने पहले भी ज़िक्र किया चायना टाउन नाम की बस्तियाँ दुनिया के कई मुल्कों में आबाद हैं और जापान के योकोहामा शहर का चायना टाउन इन तमाम बस्तियों में खासी अहमियत रखता है । इसके बसने की भी एक कहानी है । दरअस्ल सन् सोलह सौ तीन से अठारह सौ अड़सठ तक का ज़माना जापान की तवारीख़ में एदो पीरियड के नाम से मशहूर है । एदो दौर में यहाँ काफ़ी अमन-चैन रहा और सायंस से लेकर अदब और तमाम तरह की कलाएँ खूब पनपीं । इस दौर में जापान ने एक सोची-समझी नीति के तहत खुद को बाक़ी दुनिया से काटे रखा, मग़रिबी मुल्कों से हर तरह के रिश्ते को तो बिल्कुल ही खत्म कर डाला । यानि हॉलैंड जैसे इक्का-दुक्का मुल्कों के अलावा अपने दरवाज़े बिल्कुल बंद कर लिए ।
























